विश्व कप जीतने के बाद टीम से बाहर होने का दर्द, सूर्या बोले- वापसी के लिए झोंक दूंगा पूरी ताकत
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम से बाहर किए जाने से आहत स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को कहा कि वह राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम से बाहर किए जाने से आहत स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को कहा कि वह राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।
सूर्यकुमार ने यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में मुंबई से हैदराबाद के खिलाफ 60 रन की तूफानी पारी खेलकर अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में वापसी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह अपनी मानसिकता और कौशल पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा, ''विश्व कप जीतने के बाद स्वाभाविक रूप से आपको उम्मीद होती है कि आईपीएल के बाद या जब भी भारत की पहली सीरीज होगी, आप खेलेंगे। क्योंकि आपने एक बड़ा टूर्नामेंट जीता है और आईसीसी का खिताब जीतना आसान नहीं होता, खासकर अपनी धरती पर जो इससे पहले कोई ऐसा नहीं कर पाया था।''
उन्होंने कहा, ''लेकिन चयनकर्ताओं के पास इसके अपने कारण रहे होंगे और उन्होंने यह फैसला लेने से पहले काफी सोच-विचार किया होगा। लेकिन हां, मुझे दुख पहुंचा था। अगर आपको दुख या तकलीफ महसूस नहीं होगी तो आप उसे जुनून में कैसे बदलेंगे और उस जुनून के साथ कैसे खेलेंगे? फिलहाल मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं। ''
सूर्यकुमार ने कहा कि देश के लिए खेलने की उनकी भूख फिर से लौट आई है और वह टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, ''भारत के लिए खेलने की वही भूख फिर लौट आई है, जो पहले मेरे अंदर हुआ करती थी।
जब मैं घरेलू क्रिकेट में वापसी करके रन बनाता था, तब भी यही जुनून रहता था। अगर मुझे फिर से भारत के लिए खेलना है तो मुझे एक बार फिर अपनी जगह बनाने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी। ''
हाल में मुंबई का कप्तान नियुक्त किए गए सूर्यकुमार ने कहा कि यह जिम्मेदारी मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक के भरोसे और सम्मान को भी दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नाइक चाहें तो किसी अन्य खिलाड़ी को टीम की कप्तानी सौंप सकते थे, लेकिन भारतीय टीम से बाहर रहने के मुश्किल दौर में भी उन्होंने उनका साथ दिया।
सूर्यकुमार ने कहा, ''उस मुश्किल दौर में मेरा साथ देना, मेरा हौसला बढ़ाना और एक बार फिर मुझे राज्य की टीम का कप्तान बनाना बहुत मायने रखता है। वह किसी और को भी यह जिम्मेदारी दे सकते थे। उनके पास यह विकल्प था, लेकिन उन्होंने मुझे जो जिम्मेदारी, प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा। ''
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
